उत्तराखंड

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में नए कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप से राजेश शुक्ला की मुलाकात

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

पंतनगर: पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में नवनियुक्त स्थायी कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप से कुलपति कार्यालय में प्रबंधन परिषद सदस्य एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि डॉ. शिवेंद्र कश्यप का विश्वविद्यालय से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है। वे इसी संस्थान के छात्र रहे हैं और एग्रीकल्चर कॉलेज में डीन के रूप में दीर्घकाल तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव एवं संस्थान की गहन समझ से विश्वविद्यालय को निश्चित रूप से नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग्य, अनुभवी एवं संस्थान की पृष्ठभूमि से जुड़े व्यक्ति को कुलपति की जिम्मेदारी सौंपना एक सराहनीय एवं दूरदर्शी निर्णय है, जिससे विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक कार्यों को मजबूती मिलेगी।

इस दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कुलपति से विश्वविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि तथा शोध गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की।

साथ ही उन्होंने श्रम आयुक्त, उत्तराखंड शासन के आदेशानुसार दैनिक वेतन भोगी ठेका मजदूरों एवं सुरक्षा कर्मियों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ता में वृद्धि तथा 1 अक्टूबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक की अवधि का एरियर भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का आग्रह किया एवं 2003 से पूर्व से कार्य करने वाले कर्मचारियों को विश्वविद्यालय का कर्मचारी मानने के लंबित मांग का निस्तारण कराने के लिए विस्तृत चर्चा की ताकि वर्षों से लंबित मांगों का समाधान हो सके।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं मजदूर सभी संस्थान की मजबूती के आधार स्तंभ हैं, इसलिए सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए संतुलित एवं न्यायसंगत निर्णय लिए जाना आवश्यक है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. शिवेंद्र कश्यप के नेतृत्व में पंतनगर विश्वविद्यालय नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और सभी वर्गों के हितों का संरक्षण सुनिश्चित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button