भाजपा सरकार सरकारी संपत्तियों को बेचने में जुटी, कांग्रेस छेड़ेगी चरणबद्ध आंदोलन-विनोद आर्य

रिपोर्टर, गौरव गुप्ता
लालकुआं हल्द्वानी सूबे की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने का गंभीर आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। यहाँ कांग्रेस प्रदेश सचिव सोशल मीडिया विनोद आर्य ने प्रदेश सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि सूबे की भाजपा सरकार जनता के हितों और राज्य के संसाधनों को ताक पर रखकर लगातार सरकारी संपत्तियों को बेचने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर केवल सार्वजनिक उपक्रमों और संपत्तियों का निजीकरण करने में लगी है, जिससे न सिर्फ प्रदेश का राजस्व प्रभावित हो रहा है बल्कि आम जनता और युवाओं का भविष्य भी संकट में पड़ रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी भाजपा की इन जनविरोधी नीतियों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि सरकार ने सरकारी संपत्तियों को बेचने का फैसला वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को साथ लेकर सड़कों पर उतरेगी और प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।



