उत्तराखंड

बड़ी कार्रवाई : 16 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

16 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

हल्द्वानी। SSP नैनीताल के निर्देशन में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। काठगोदाम क्षेत्र में पुलिस टीम ने 54.80 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत लगभग 16 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” और ऑपरेशन “प्रहार” के तहत की गई। SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत ड्रग्स माफियाओं पर पैनी नजर रखी जा रही है। 17 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार और थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान कुंवरपुर बाईपास से गौलानदी जाने वाले कच्चे रास्ते, गौलापुल काठगोदाम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 54.80 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने दिलशाद (34 वर्ष), निवासी इन्द्रा नगर, काबुल का गेट, बनभूलपुरा को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना काठगोदाम में एफआईआर नंबर 53/26 धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बनभूलपुरा क्षेत्र में टैम्पो चलाता है और स्मैक को इज्जतनगर, बरेली (उत्तर प्रदेश) से खरीदकर लाया था।

पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में 20 मामलों में कार्रवाई करते हुए 25 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 1 किलो 385 ग्राम 366 मिलीग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 15 लाख 60 हजार 80 रुपये आंकी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button