कालाढूंगी में कांग्रेस की कमान इंदर पाल आर्य को, 2027 चुनाव से पहले धामी सरकार पर साधा निशाना

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
लालकुआं हल्द्वानी -आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करते हुए कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा प्रभारियों की नियुक्तियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष इंदर पाल आर्य को कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और पार्टी कार्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इधर अपनी नियुक्ति के बाद कांग्रेस नेता इंदर पाल आर्य ने पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वे उसका पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए इंदर पाल आर्य ने प्रदेश की धामी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में जनता बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से बुरी तरह त्रस्त हो चुकी है।
उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश की मंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती हैं इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक मामलों के कारण राज्य का युवा आज सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर है।
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को भली-भांति समझ चुकी है। जनता ने मन बना लिया है कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में बदलाव लाते हुए उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी है।



