लालकुआं कोतवाली के पास लाखों की चोरी, सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात ले उड़े चोर

लालकुआं कोतवाली के पास चोरों का दुस्साहस”कोतवाली के पास आजाद नगर वार्ड 4 में सूने घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी।
लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे पुलिस कोतवाली के ठीक बगल की कॉलोनियों को भी निशाना बनाने से नहीं हिचकिचा रहे हैं। ताजा मामला लालकुआं कोतवाली से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित आजाद नगर वार्ड-4 का है, जहां शनिवार रात अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। कोतवाली के इतनी करीब हुई इस दुस्साहसिक घटना के बाद से क्षेत्रवासियों में भारी दहशत और पुलिस के प्रति आक्रोश का माहौल है।
बेटी के घर गई हुई थी पीड़िता
स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आजाद नगर वार्ड 4 निवासी मोहनी देवी पत्नी स्व. भीम सिंह परिहार शनिवार रात किसी कार्यवश अपनी बेटी के यहां दवाईफार्म नगला गई हुई थीं। घर पर ताला बंद था। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने रात के वक्त उनके घर को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सारे कीमती सामान समेट लिए।
क्या-क्या हुआ चोरी
पीड़िता मोहनी देवी के अनुसार चोर उनके घर से दो सोने के मंगलसूत्र
एक जोड़ी कान की बालियां
चांदी के 8 सिक्के सहित कई कीमती आभूषण व घरेलू सामान चुराकर ले गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी में गए सामान कीमत लगभग तीन लाख रुपये है।
पड़ोसियों की सूचना पर खुला राज
रविवार सुबह जब पड़ोसियों की नजर मोहनी देवी के घर के मुख्य दरवाजे के टूटे हुए तालों पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना फोन के जरिए मोहनी देवी को दी। सूचना मिलते ही पीड़िता आनन-फानन में अपने घर पहुंचीं। घर का दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी तथा पुलिस सीसीटीवी कैमरे भी जांच कर रही हैं।
पुलिस बोली- जल्द होगा खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मुआयना कर साक्ष्य जुटाए, मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल बृजमोहन राणा ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल गई है और मौके का निरीक्षण किया जा चुका है।
जल्द ही इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। चोरों की सुरागकशी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उनका का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



