उत्तराखंड

लालकुआं-रुद्रपुर हाईवे पर हाथियों का कब्जा, दो नन्हे हाथियों की अठखेलियों से थमा ट्रैफिक

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

लालकुआं। लालकुआं-रुद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथियों के झुंड की आवाजाही वाहन चालकों के लिए परेशानी और दहशत का कारण बनी हुई है। रविवार शाम करीब सात बजे पंतनगर के समीप अचानक आधा दर्जन हाथियों का झुंड हाईवे पर आ धमका और बीच सड़क पर खड़ा हो गया। हाथियों को सड़क पर देख दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों का झुंड काफी देर तक हाईवे पर चहलकदमी करता रहा। इस दौरान झुंड के साथ मौजूद दो नन्हे हाथी सड़क पर ही अठखेलियां करते नजर आए। हाथियों की मौजूदगी के चलते वाहन चालकों ने एहतियात बरतते हुए अपने वाहन रोक दिए और झुंड के सड़क से हटने का इंतजार करने लगे। इस दौरान हाईवे पर आवागमन बाधित रहा।

काफी देर तक हाईवे पर विचरण करने के बाद हाथियों का झुंड टांडा के जंगल की ओर बढ़ गया, जिसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली और यातायात दोबारा सुचारु हो सका।

गौरतलब है कि लालकुआं-रुद्रपुर हाईवे पर हाथियों के झुंड के अचानक पहुंचने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। जंगल से सटे इस मार्ग पर हाथियों की आवाजाही के चलते वाहन चालकों को हर समय सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे में वन्यजीवों की सुरक्षा और सड़क पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित विभागों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!