चाय पर चर्चा’ में इंदर पाल आर्य का दावा, 2027 में पूर्ण बहुमत से सत्ता में लौटेगी कांग्रेस

“चाय पर चर्चा” में बोले इंदर पाल आर्य 2027 में होगी कांग्रेस की सत्ता में वापसी, जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त।
रिपोर्टर, गौरव गुप्ता
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत बिन्दुखत्ता स्थित वर्मा कालौनी पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सचिव इंदर पाल आर्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ‘चाय पर चर्चा’ कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया। इस दौरान उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर बूथ स्तर को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया और दावा किया कि राज्य में अगला जनादेश कांग्रेस के पक्ष में आएगा तथा पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
उन्होंने प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वोट चोरी करके बनी यह सरकार अब ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। देश और प्रदेश की जनता आज भाजपा की जनविरोधी नीतियों से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। किसान अपनी समस्याओं को लेकर लगातार परेशान हैं, वहीं राज्य में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों की घटनाओं से पूरा उत्तराखंड शर्मसार हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के जनादेश से खिलवाड़ कर सत्ता में आई इस सरकार की पोल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले ही खोल चुके हैं कि यह वोट चोरी करने वाली सरकार है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का आम जनमानस अब भाजपा के शासन से ऊब चुका है और 2027 में बदलाव का मन बना चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें और सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुँचाएँ।



