महापरिनिर्वाण दिवस पर लालकुआँ में सजेगा सेवा का महाकुंभ, लगेगा विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर।

महापरिनिर्वाण दिवस पर लालकुआँ में सजेगा सेवा का महाकुंभ, लगेगा विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर।
रिपोर्टर गौरव गुप्ता
लालकुआँ भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि एवं महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आगामी 6 दिसंबर को लालकुआँ में भव्य सेवा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अंबेडकर जन सेवा समिति लालकुआँ के तत्वावधान में नगर के अंबेडकर पार्क में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा।
आयोजन समिति ने इस बार महापरिनिर्वाण दिवस को जनसेवा से जोड़ते हुए विशेष तैयारियाँ की हैं। इस स्वास्थ्य शिविर में हल्द्वानी के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों के वरिष्ठ एवं अनुभवी चिकित्सक अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ आने वाले सभी मरीजों की स्वास्थ्य जांच और दवाइयों का वितरण पूरी तरह निशुल्क रहेगा। इसके अतिरिक्त नेत्र रोगियों की सुविधा के लिए आधुनिक हाईटेक मशीनों द्वारा आंखों की विशेष जांच की व्यवस्था भी की गई है।
स्वास्थ्य शिविर के साथ-साथ पार्क परिसर में एक श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का भी आयोजन होगा। कार्यक्रम में नैनीताल जिले और लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के अलावा प्रशासनिक अधिकारी तथा नगर के गणमान्य समाजसेवी शिरकत करेंगे। सभी अतिथि सर्वप्रथम बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करेंगे, जिसके पश्चात विचार गोष्ठी के माध्यम से उनके जीवन संघर्ष और आदर्शों पर प्रकाश डाला जाएगा।
अंबेडकर जन सेवा समिति के अध्यक्ष मुकेश कुमार और कार्यक्रम संयोजक उदय वीर सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे 6 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में अंबेडकर पार्क पहुँचकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि दें और इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भरपूर लाभ उठाएँ।



