उत्तर प्रदेश

बरेली पुलिस मॉडर्न स्कूल में खेल महाकुंभ का आगाज, अंतरजनपदीय जूडो चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रिपोर्टर नाजिम अली बरेली

पुलिस लाइन स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद समारोह (स्पोर्ट्स एवं एनुअल डे) तथा अंतरजनपदीय विद्यालय जूडो चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ किया गया। इस खेल महाकुंभ में मेजबान पुलिस मॉडर्न स्कूल के अलावा अन्य सात जनपदों से आए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

समारोह का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि एस.पी. ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने दीप प्रज्ज्वलित करने के पश्चात खेल मशाल जलाकर किया। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक स्वागत गीत और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

सदनों के बीच दिखा कड़ा मुकाबला
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चारों सदनों—रमन हाउस, टैगोर हाउस, अशोका हाउस और शिवाजी हाउस के बीच अनुशासित और आकर्षक मार्च पास्ट प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुख्य अतिथियों के निर्णायक मंडल ने प्रदर्शन के आधार पर रमन हाउस को प्रथम और अशोका हाउस को द्वितीय विजेता घोषित किया। इसी क्रम में आयोजित हाउसवार नृत्य प्रतियोगिता में अशोका हाउस ने प्रथम तथा शिवाजी हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जमकर तालियां बटोरीं।

विजेता खिलाड़ियों को मिले मेडल
विभिन्न एथलेटिक्स और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, अंतरजनपदीय जूडो चैंपियनशिप के मुकाबलों में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने शानदार दांव-पेंच और खेल भावना का परिचय देते हुए पुरस्कार अपने नाम किए।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एस.पी. ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान के साथ डी.एस.पी. पुष्पा सिंह, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. किरन देवी एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। मंच का सफल व प्रभावशाली संचालन अमित शर्मा और अवंतिका सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या डॉ. किरन देवी ने सभी अतिथियों, बाहर से आए खिलाड़ियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!