उत्तराखंड

उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्ताव पास, बापूग्राम भूमि और हरिद्वार PRT कॉरिडोर को मंजूरी…

खनिज फाउंडेशन शुल्क 5% से बढ़कर 15%, लेकिन रॉयल्टी नहीं बढ़ेगी;

बापूग्राम की 594.94 एकड़ भूमि को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति, हरिद्वार में 3 PRT कॉरिडोर को मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को देहरादून में हुई उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, आबकारी, खनन, आवास और परिवहन समेत कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े फैसले लिए गए। कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी।

 

बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई। अब उन्हें 8,300 रुपये के बजाय 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

 

कैबिनेट ने पीजी डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध, वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने, आवासीय भवनों के नियमों में राहत और बापूग्राम की वन भूमि से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी।

 

आशा कार्यकर्ताओं को 1,700 रुपये की बढ़ोतरी

 

कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को मंजूरी दी है। अब तक उन्हें 8,300 रुपये मानदेय मिलता था, जो बढ़कर 10 हजार रुपये प्रतिमाह हो जाएगा।

 

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। कैबिनेट ने इस संबंध में निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत कर दिया है।

 

इसके अलावा उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को मंजूरी दी गई।

 

पीजी डॉक्टरों को दो साल का बॉन्ड भरना होगा

पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए कैबिनेट ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले छात्रों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने का फैसला लिया है।

 

पीजी कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को दो साल तक उत्तराखंड में अपनी सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए उनसे बॉन्ड भरवाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना है।

वन आरक्षी भर्ती में उम्र सीमा 28 साल

वन विभाग से जुड़े फैसले में वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी।

इस फैसले से वन आरक्षी भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है

उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिक सेवा नियमावली में संशोधन को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा श्रम विभाग के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को स्वीकृति मिली है।

 

आबकारी विभाग में 11 नए पद

आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इस तरह विभाग में कुल 11 नए पद सृजित होंगे।

 

सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों और विभागीय ढांचे को भी मंजूरी दी गई है।

 

कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण फैसले

बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी।

निर्माण कार्यों के लिए इम्पैनल संस्थानों की सूची से NHIDCL को हटाया गया।

उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को मंजूरी।

उत्तराखंड पंचम विधानसभा के सत्रावसान को मंजूरी।

उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय और महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी।

अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित।

कुल मिलाकर धामी कैबिनेट की बैठक में कर्मचारियों के मानदेय, स्वास्थ्य सेवाओं, भर्ती नियमों, आवासीय सुविधाओं, खनन और परिवहन से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि, वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने और बापूग्राम की वन भूमि से जुड़े फैसलों को बैठक के प्रमुख निर्णयों में शामिल माना जा रहा है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!