बरेली में ‘आपका प्यार, सुरों की बौछार’ से सजा खादी ग्रामोद्योग उत्सव-2026

बरेली में ‘आपका प्यार, सुरों की बौछार’ से सजा खादी ग्रामोद्योग उत्सव-2026
देशभक्ति के गीतों से गूंजा राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, गायकों ने बांधा समां
रिपोर्टर गौरव गुप्ता
बरेली। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के मैदान में आयोजित ‘खादी एवं ग्रामोद्योग स्वावलंबन उत्सव-2026’ (स्वदेशी खादी उत्पादन प्रदर्शनी) में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट (रजि.) भारत के तत्वावधान में आयोजित “आपका प्यार, सुरों की बौछार” कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि अखंड भारत व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल (लाला) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर कच्चे सूत की माला पहनाकर उन्हें नमन किया गया।
देशभक्ति गीतों से गूंजा पंडाल
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत प्रख्यात गायक पप्पू खान ने देशभक्ति गीतों से की। उन्होंने “मेरे देश की धरती”, “सबसे प्यारा मेरा हिंदुस्तान” और “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय हिंदुस्तान” जैसे गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर पंडाल में जोश भर दिया। उनके साथ गायक शाहिद हुसैन, महेश प्रजापति, अरुण कुमार प्रजापति, नागेश्वर, कुमार शेखर और जुगल किशोर सिंह ने भी अपने सुमधुर गीतों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
खादी और स्वदेशी को बढ़ावा देने का संदेश
इस अवसर पर राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने कहा कि संगीत के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम ने खादी एवं स्वावलंबन उत्सव की रौनक बढ़ाई है और लोगों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मेहंदीरत्ता, राकेश कुमार मौर्य, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दामोदर सिंह, देवेंद्र सिंह देयोलिया सहित खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के पदाधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रोता उपस्थित रहे।




