नैनीताल दुग्ध संघ का 77वां अधिवेशन, दुग्ध उत्पादकों के हितों पर हुआ मंथन

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों की आवाज बुलंद हुई। दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, उत्पादकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और सहकारिता को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ आयोजित अधिवेशन में दूध उत्पादकों के हितों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठे।
इस दौरान दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि चार रुपये से बढ़ाकर छह रुपये प्रति लीटर करने तथा मैदानी क्षेत्र की दुग्ध समितियों के सचिवों को भी प्रोत्साहन राशि देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, विधायक बंशीधर भगत, भाजपा नेता राजेंद्र सिंह बिष्ट, नवीन दुम्का और हरीश बिष्ट ने भी दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अधिवेशन की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की, जबकि संचालन प्रबंधक प्रशासन संजय सिंह भाकुनी ने किया।
इसमें जनपदभर की दुग्ध समितियों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर संघ की उपलब्धियों, समस्याओं और भविष्य की योजनाओं पर मंथन किया।
अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने संघ की उपलब्धियों और भावी योजनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि नैनीताल दुग्ध संघ 78 वर्ष पूरे कर 79वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। वर्तमान में जिले की 710 दुग्ध समितियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 1.15 लाख किलोग्राम दूध का संग्रह किया जा रहा है, जबकि अब तक अधिकतम 1.41 लाख किलोग्राम प्रतिदिन दूध संग्रह का रिकॉर्ड रहा है।
जनपद में 354 समितियां पर्वतीय और 356 समितियां मैदानी क्षेत्रों में संचालित हैं। वहीं, उपभोक्ताओं तक आंचल उत्पाद पहुंचाने के लिए 2760 दुग्ध विक्रेताओं का नेटवर्क कार्य कर रहा है। इनके माध्यम से प्रतिदिन औसतन 88 हजार लीटर दूध और 30 हजार लीटर दूध से निर्मित दुग्ध पदार्थों की बिक्री की जा रही है। संघ अधिकतम 1.21 लाख लीटर दूध की बिक्री भी कर चुका है।




