लालकुआं में वाहन चोर गिरोह सक्रिय, घर के बाहर खड़ी स्कूटी चोरी

लालकुआं में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला राजीव नगर बंगाली कॉलोनी से सामने आया है, जहां घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही वारदातों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि क्षेत्र में वाहन चोर गिरोह सक्रिय होकर पुलिस व्यवस्था को चुनौती दे रहा है।
लालकुआं में सक्रिय वाहन चोर गिरोह!
राम मंदिर के पास से स्कूटी चोरी, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल।
रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
लालकुआं। नगर क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला राजीव नगर बंगाली कॉलोनी क्षेत्र से सामने आया है, जहां अज्ञात चोर घर के बाहर खड़ी स्कूटी चोरी कर फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजीव नगर बंगाली कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार मौर्या पुत्र स्व० श्री रामलाल की स्कूटी संख्या UK04AG2065 दिनांक 12 मई 2026 की रात लगभग 1:45 बजे राम मंदिर के पास से चोरी हो गई। घटना का पता तब चला जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में अज्ञात युवक स्कूटी ले जाते दिखाई दिए हैं।
पीड़ित द्वारा कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जल्द कार्रवाई की मांग की गई है। लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं से यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ समय से क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अभी तक पुलिस किसी बड़े गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है।
नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की निगरानी करने और सीसीटीवी नेटवर्क को सक्रिय रूप से खंगालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा नहीं कसा गया तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े हो जाएंगे।
अब देखना यह होगा कि लालकुआं पुलिस इस मामले को कितनी गंभीरता से लेकर सक्रिय वाहन चोर गिरोह तक पहुंच पाती है या फिर चोरी की घटनाएं इसी तरह लोगों की नींद उड़ाती रहेंगी।



