उत्तराखंड

सरस फूड फेस्टिवल में लगेगा पहाड़ी स्वाद का तड़का, जानिए कौन करेगा शुभारंभ!

देहरादून के रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक सजेगा ‘सरस फूड फेस्टिवल’

पहाड़ी व्यंजनों और हस्तशिल्प का दिखेगा रंग, सीएम धामी करेंगे शुभारंभ

देहरादून ,राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक रेंजर ग्राउंड में आगामी 5 से 11 अक्टूबर तक भव्य ‘सरस फूड फेस्टिवल’ का आयोजन किया जाएगा। सात दिवसीय इस महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी करेंगे। फेस्टिवल में उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद और उत्कृष्ट हस्तशिल्प उत्पादों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

यह भी देखें 👇 

https://www.instagram.com/reel/DdqvGXXzQYP/?stkn=NzU0b3V1YmI0eHVy

सरस फूड फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सभी संबंधित रेखीय विभागों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को इस आयोजन को एक भव्य और यादगार ‘ग्रैंड इवेंट’ बनाने के लिए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

200 से अधिक स्टॉलों पर दिखेगी स्वदेशी की झलक
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि महोत्सव में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से 200 से अधिक स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। इन स्टॉलों पर पारंपरिक पहाड़ी पकवानों के साथ-साथ राज्य के प्रसिद्ध हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री की जाएगी।

फूड स्टॉलों के बीच प्रतियोगिता और विभागीय गोष्ठियाँ मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए फूड स्टॉलों के बीच प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें उत्कृष्ट स्वाद और प्रस्तुतिकरण के आधार पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले स्टॉल संचालकों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कृषि, उद्यान, उद्योग, पर्यटन, रेशम एवं सेवायोजन जैसे विभाग निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपने लाभार्थियों के साथ विचार-विमर्श एवं गोष्ठियों का आयोजन करेंगे।

सुरक्षा, स्वच्छता और ट्रैफिक प्रबंधन के कड़े निर्देश
आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सीडीओ अभिनव शाह ने पुलिस प्रशासन को रेंजर ग्राउंड के आसपास मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और सुगम ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नगर निगम को परिसर में निरंतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा फूड सेफ्टी व फायर सेफ्टी विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। मेले में प्रतिदिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन किया जाएगा।

बैठक में परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान सहित तमाम रेखीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!