दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने पर भड़की कांग्रेस, हरेन्द्र बोरा ने लगाए गंभीर आरोप

दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने पर भड़की कांग्रेस, हरेन्द्र बोरा ने लगाए गंभीर आरोप।
रिपोर्टर गौरव गुप्ता
लालकुआं भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद उत्तराखंड राजनीति में गर्माहट आ गई है। कांग्रेस पार्टी ने इस नियुक्ति का कड़ा विरोध जताया है।
इस सब के बीच लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेन्द्र बोरा ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में दुष्यंत गौतम का नाम ‘वीआईपी’ (VIP) के रूप में सामने आया था।
उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ने दुष्यंत गौतम पर किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई और मामला दर्ज होने से बचाने के लिए उन्हें सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर आसीन होने के बाद उन पर सीधा मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। यह उत्तराखंड की जनता और उस पीड़िता के साथ सरासर अन्याय और छल है।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और उत्तराखंड की पहाड़ की बेटी को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस हर जिले और शहर में मुखर है। कांग्रेस जल्द ही अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए एक पदयात्रा भी शुरू करने जा रही है, जो भाजपा सरकार के अन्याय और कारनामों को जनता के सामने उजागर करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के इन निर्णयों से त्रस्त हो चुकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में जनता अपने वोटों के माध्यम से इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।



