लालकुआँ के कन्या विद्यालय में सजी विज्ञान प्रदर्शनी, छात्राओं के मॉडलों ने दिखाई प्रतिभा और नवाचार की झलक

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
लालकुआँ। राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, लालकुआँ में आज आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट के प्रतिनिधि एवं मुख्य अतिथि लक्ष्मण खाती ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों एवं परियोजनाओं का अवलोकन कर उनकी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की सराहना की।
इस अवसर पर लक्ष्मण खाती ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और नवाचार की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडल उनकी मेहनत, कल्पनाशीलता और सीखने के प्रति उत्साह को दर्शाते हैं। ऐसे आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में नई उपलब्धियाँ हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती ने कहा कि सांसद अजय भट्ट के प्रयासों से पूर्व में भी विद्यालय में हाईटेक शौचालय एवं भोजन गृह सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बेहतर वातावरण के निर्माण और विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए सांसद जी सदैव प्रयासरत रहे हैं।
उन्होंने विद्यालय परिवार को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी विद्यालय की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सांसद के संज्ञान में लाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएँ मिल सकें।
उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय परिवार को विज्ञान प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. राजकुमार सेतिया, समाजसेवी वीरेंद्र कोरंगा, विद्यालय की प्रधानाचार्य आशा बिष्ट, राजेंद्र पडियार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, छात्राएँ एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।



