किचन से करियर तक: शेफ भूपेंद्र रावत ने ग्राफिक एरा के छात्रों को सिखाए ‘हिमालयी जायके’ के वैश्विक मंत्र

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी,हल्द्वानी के होटल एवं हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट विभाग द्वारा आज परिसर में एक विशेष पाक कला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर प्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भूपेंद्र सिंह रावत ने मुख्य अतिथि और मार्गदर्शक के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शेफ भूपेंद्र का लाइव कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन रहा, जहाँ उन्होंने पारंपरिक हिमालयी व्यंजनों को आधुनिक ‘प्लेटिंग’ और ‘ग्लोबल प्रजेंटेशन’ के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए पाक कला में ‘कंटेंट क्रिएशन’ और ‘सस्टेनेबल कुकिंग’ के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा:
“विश्वविद्यालय का सदैव यह प्रयास रहता है कि हमारे विद्यार्थी न केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करें, बल्कि उद्योग जगत के दिग्गजों से व्यावहारिक अनुभव भी सीखें। शेफ भूपेंद्र सिंह रावत के साथ यह सहयोग हमारे छात्रों के लिए एक उत्कृष्ट अवसर है। हिमालयी व्यंजनों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के लिए नवाचारऔर उद्यमिता की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम करते हैं और छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।”
साथ ही उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावियों के लिए ‘सर्टिफिकेट कोर्स इन होटल मैनेजमेंट’ पूरी तरह निशुल्क संचालित किया जाएगा।
डॉ. लोहानी ने छात्रों और मीडिया को संबोधित करते हुए कहा:
“चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला जी के मार्गदर्शन में हम राज्य के उन युवाओं को मुख्यधारा में लाना चाहते हैं जिनके पास प्रतिभा है पर संसाधन नहीं। यह निशुल्क CCHM कोर्स देहरादून और हल्द्वानी दोनों परिसरों में चलाया जाएगा, जिसमें इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी शामिल होगी। हमारा उद्देश्य ऐसे कुशल प्रोफेशनल तैयार करना है जो उत्तराखंड की हॉस्पिटैलिटी को वैश्विक पहचान दिला सकें।”
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अतिथि और भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे कौशल-आधारित कार्यक्रमों को जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का समापन शेफ भूपेंद्र सिंह रावत के सम्मान और पारंपरिक हिमालयी स्वादों से सजे एक विशेष ‘हिमालयी लंच’ के साथ हुआ।







