खड़गे के फेक AI वीडियो पर भड़की कांग्रेस, लालकुआं में भाजपा का पुतला फूंका

रिपोर्टर गौरव गुप्ता। लालकुआँ
लालकुआँ नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का AI के माध्यम से फेक वीडियो बनाकर दुष्प्रचार करने तथा धर्मनिरपेक्षता के विपरीत भ्रामक सामग्री प्रसारित कर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने और जनमानस को गुमराह करने के विरोध में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि फेक वीडियो तैयार कर उसे प्रचारित-प्रसारित कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि को धूमिल करने तथा समाज में भ्रम और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर काग्रेंस नेता हेमवती नन्दन दुर्गापाल ने कहा कि हल्द्वानी कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आने के बाद से भाजपा सरकार कांग्रेस और राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे की छवि धूमिल करने और खराब करने के लिए लगातार दुष्प्रचार करने से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि फेक AI वीडियो के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस कार्यकर्ता पुरजोर विरोध करेंगें
उन्होंने कहा कि तकनीक का दुरुपयोग कर फेक वीडियो और दुष्प्रचार फैलाना लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि जनता सब जान चुकी जिसका हिसाब उसे विधानसभा चुनाव में देगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।



