हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर के बावजूद विवादित जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

रिपोर्टर नाजिम अली
बरेली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां शमा हाशमी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर विवादित जमीन पर अवैध कब्जा और निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता शमा हाशमी के अनुसार ग्राम जसौली मुस्तकिल स्थित गाटा संख्या 636 की जमीन को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट याचिका संख्या 28164/2012 विचाराधीन है। उनका कहना है कि माननीय उच्च न्यायालय ने 9 जुलाई 2012 को अंतरिम आदेश पारित कर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए थे।
आरोप है कि इसके बावजूद कुछ लोग विवादित जमीन पर बाउंड्री निर्माण, प्लॉटिंग और कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
अब शमा हाशमी ने एसएसपी बरेली से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध निर्माण रुकवाने, न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और माननीय उच्च न्यायालय के आदेश का पालन किस तरह सुनिश्चित कराया जाता है।
फिलहाल इस मामले में विपक्षी पक्ष और पुलिस प्रशासन का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।



