उत्तराखंड

बाजपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 30 कुंतल अवैध खैर की लकड़ी बरामद, पिकअप जब्त; तस्कर फरार

बन्नाखेड़ा रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: घेराबंदी कर पकड़ा 30 कुन्तल अवैध खैर का प्रकाष्ठ, पिकअप वाहन जब्त।

रिपोर्टर गौरव गुप्ता

​बाजपुर -वन विभाग की बन्नाखेड़ा रेंज की टीम ने वन तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने भारी मात्रा में अवैध खैर की लकड़ी से लदे एक महिंद्रा पिकअप वाहन को सीज किया है। पकड़ी गई लकड़ी की किमत लगभग एक लाख अस्सी हजार रुपये आंकी गई है

​पीले तिरपाल से ढका था वाहन
बताते चले कि रविवार शाम लगभग 3 बजे उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला को मुखबिर से सूचना मिली कि बाजपुर के”भौना कॉलोनी” में एक संदिग्ध पिकअप वाहन संख्या UA04D 8691 खड़ा है, जो पीले रंग के तिरपाल से ढका हुआ है और उसमें अवैध खैर का प्रकाष्ठ होने की संभावना है। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल वन क्षेत्राधिकारी बन्नाखेड़ा रेंज को अवगत कराया।

मौके से फरार हुए तस्कर
कार्रवाई करते हुए वन क्षेत्राधिकारी बन्नाखेड़ा रेंज के निर्देशन में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने बरहैनी और बाजपुर दोनों ओर के मार्गों की कड़ी घेराबंदी कर दबिश दी। वन विभाग के सरकारी वाहन को आता देख, पिकअप में सवार दो अज्ञात तस्कर वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।

​ 42 नग छिले हुए खैर के लट्ठे बरामद

तलाशी लेने पर तिरपाल के नीचे लगभग 30 कुन्तल छिला हुआ खैर का प्रकाष्ठ पाया गया, जिसमें विभिन्न व्यास श्रेणी के 42 नग छिले हुए लट्ठे शामिल थे। वन विभाग की टीम ने मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई करते हुए फर्द बरामदगी रिपोर्ट तैयार कर वाहन व अवैध लकड़ी को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।

सघन जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई
इस सफल कार्रवाई में उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला, वन दरोगा सुरेश चंद्र तिवारी, वन आरक्षीगण मोनु, विशाल, ज्ञान सिंह, मोहित काम्बोज तथा आउटसोर्स कर्मी युवराज सिंह व किशन सिंह शामिल रहे।

इधर ​मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार तस्करों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

वही वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर कपिल ने बताया कि तराई पश्चिमी वन प्रभाग, रामनगर के दिशा-निर्देशन में तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कटान या तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!