उत्तराखंड

बिंदुखत्ता में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, 15 लाख के जेवर और नगदी लेकर फरार हुए चोर

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

लालकुआं- कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिंदुखत्ता के तिवारी नगर चित्रकूट में रविवार को बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक घर का दरवाजा तोड़कर करीब साढ़े 11 तोला सोने के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है।

इधर मिली जानकारी के अनुसार, तिवारी नगर चित्रकूट (नंबर-14) निवासी खड़क सिंह कोठारी मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। घर पर उनकी पत्नी चंद्रा कोठारी अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे चंद्रा अपने बच्चों के साथ घर पर ताला लगाकर घोड़ानाला स्थित अपने ससुराल गई थीं। इसी बीच अज्ञात चोरों ने घर के पीछे लगे लोहे के दरवाजे को निशाना बनाया और उसे तोड़कर भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे साढ़े 11 तोले सोने के आभूषण व 35 हजार रुपये की नगदी समेटकर फरार हो गए।

वही शाम करीब 4 बजे जब चंद्रा कोठारी वापस घर पहुंचीं, तो मुख्य द्वार खोलने के बाद अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था और कीमती जेवरात गायब थे। पीड़ित महिला की सूचना पर कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। कोतवाल ने बताया कि चोरों की धरपकड़ के लिए एसओजी (SOG) टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button