उत्तराखंड

टांडा के जंगल में हाथियों का तांडव, 33 हजार केवी की लाइन टूटी, 5 ट्रेनें चार घंटे तक रहीं ठप

Reporter Gaurav Gupta

लालकुआं। टांडा के जंगल में जंगली हाथियों के झुंड की वजह से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। हाथियों द्वारा रेलवे पटरी के किनारे खड़े विशालकाय पेड़ को क्षतिग्रस्त कर गिरा देने से रेल लाइन के समीप से गुजर रही 33 हजार केवी की विद्युत लाइन टूट गई। इसके चलते लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर चार घंटे से अधिक समय तक रेल संचालन ठप रहा। इस दौरान पांच ट्रेनें अलग-अलग स्थानों पर खड़ी रहीं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे लालकुआं-गूलरभोज रेलखंड के बीच टांडा के घने जंगल में लालकुआं से लगभग पांच किलोमीटर दूर जंगली हाथियों के झुंड ने रेलवे पटरी के किनारे खड़े एक विशालकाय पेड़ को क्षतिग्रस्त कर दिया। पेड़ की मोटी डाल सीधे 33 हजार केवी की विद्युत लाइन पर जा गिरी, जिससे बिजली के तार टूट गए और रेल परिचालन बाधित हो गया।

अचानक हुई इस घटना के चलते लालकुआं से गूलरभोज जा रही यात्री ट्रेन संख्या 65301 जंगल के बीच ही रुक गई। वहीं ट्रेन संख्या 5401, 55311, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस तथा मुरादाबाद से लालकुआं आ रही ट्रेन संख्या 55303 को भी विभिन्न स्थानों पर रोकना पड़ा। एक साथ पांच ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से रेल यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही लालकुआं और काशीपुर से रेलवे की टीआरडी (ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन) टीमें मौके पर पहुंचीं और विद्युत लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया। कर्मचारियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टूटे तारों को दुरुस्त किया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे लालकुआं-गूलरभोज रेलखंड पर रेल परिचालन दोबारा सामान्य हो सका और प्रभावित ट्रेनों को रवाना किया गया।

इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि घटना के कारण कुछ घंटों तक यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन रेलवे कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य पूरा किया और दोपहर 12 बजे तक रेल परिचालन सामान्य कर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!