उत्तराखंड

बिंदुखत्ता उत्तरायणी कौतिक की धूम, लोक संस्कृति संरक्षण पर अतिथियों ने दिया जोर

बिंदुखत्ता उत्तरायणी कौतिक की धूम, लोक संस्कृति संरक्षण पर अतिथियों ने दिया जोर

लालकुआं। संवाददाता गौरव गुप्ता।

जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान, बिंदुखत्ता में आयोजित पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक एवं मेला के दूसरे दिन मंगलवार को कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर श्री सोमेश्वर यति जी महाराज एवं विशिष्ट अतिथि ईएसआई निदेशक जीवन कबड़वाल ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन का उद्घाटन किया। यह पारंपरिक मेला 16 जनवरी तक चलेगा।

मेले के दूसरे दिन क्षेत्रीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले गए। इसके साथ ही खो-खो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तरायणी जैसे पर्व हमारी सनातन संस्कृति और लोक परंपराओं के संवाहक हैं। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए आशीर्वाद दिया।

वहीं विशिष्ट अतिथि ईएसआई निदेशक जीवन कबड़वाल ने कहा कि उत्तरायणी कौतिक जैसे मेले सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं। खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने क्षेत्र में इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करने पर जोर दिया।
बॉक्स

आगे होंगे ये कार्यक्रम

मेला समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि 14 से 16 जनवरी तक लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समापन दिवस 16 जनवरी को आयोजित स्टार नाइट में लोक गायक माया उपाध्याय, जितेंद्र तोमक्याल, अमित बाबू गोस्वामी, शेर सिंह दानू, दीक्षा तोमक्याल और चेतन पांडे सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि आज बुधवार को प्रातः 8 बजे मकर संक्रांति के अवसर पर समिति एवं क्षेत्रवासियों द्वारा मां हाट कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा।उत्तरायणी कौतिक में वॉलीबॉल का रोमांच
बालाजी क्लब बना चैंपियन, खेल व बौद्धिक प्रतियोगिताओं के नतीजे घोषित

जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान में चल रहे पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक के दूसरे दिन वॉलीबॉल प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। रोमांचक फाइनल मुकाबले में बालाजी क्लब ने कड़े संघर्ष के बाद स्कॉलर हेवन को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। उपविजेता रही स्कॉलर हेवन की टीम ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वॉलीबॉल फाइनल देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। खिलाड़ियों के तेज स्मैश, सटीक सर्विस और दमदार बचाव ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ कौतिक में बौद्धिक एवं कला प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। लंबी कूद में सीनियर बॉयज वर्ग में राहुल बिष्ट प्रथम, शुभम द्वितीय एवं भूपेश तृतीय रहे, जबकि जूनियर बॉयज वर्ग में अभय सिंह प्रथम, हर्षित वैष्णव द्वितीय एवं धीरज सिंह तृतीय स्थान पर रहे।

बौद्धिक प्रतियोगिताओं में निबंध प्रतियोगिता में हिमानी रावत प्रथम, वेदांश त्रिपाठी द्वितीय एवं पहल जोशी तृतीय रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में जानवी ने प्रथम, प्रखर ने द्वितीय और प्रार्थना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

खो-खो प्रतियोगिता में जूनियर बॉयज वर्ग में एसकेएम बॉयज प्रथम, सिद्धांत अकादमी द्वितीय एवं बजरंगी चैंप तृतीय रहे। जूनियर गर्ल्स और सीनियर गर्ल्स वर्ग में स्कॉलर हेवन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीनियर बॉयज वर्ग में एसकेएम बॉयज प्रथम, स्कॉलर हेवन द्वितीय एवं जेएसआर तृतीय स्थान पर रहा।

फोटो परिचय- वॉलीबॉल फाइनल मुकाबले के विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान करते मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति जी महाराज, विशिष्ट अतिथि जीवन कबड़वाल, मेला समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!