लंबे समय से चली आ रही अनियमितताओं पर विभाग की बड़ी कार्रवाई, गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप पर शिकंजा

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
लालकुआँ उपभोक्ताओं की शिकायतों और लंबे समय से चल रही अनियमितताओं के मद्देनजर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने शुक्रवार को लालकुआं क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैस एजेंसी और पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आने पर विभाग ने संबंधित फर्मों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की इस सख्त कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार वर्मन के नेतृत्व में तहसील लालकुआं स्थित सुरुचि गैस एजेंसी, मस्तान सर्विस स्टेशन तथा राम पेट्रोलियम का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सुरुचि गैस एजेंसी और मस्तान सर्विस स्टेशन में कई गंभीर अनियमितताएं प्रकाश में आईं, जिस पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण में सामने आई खामियों को गंभीरता से लेते हुए दोनों फर्मों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बताया जा रहा है कि उपभोक्ताओं को सेवाओं में लापरवाही और नियमों की अनदेखी को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। विभागीय टीम की इस कार्रवाई से अब ऐसे प्रतिष्ठानों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी विभाग की तत्परता और पारदर्शी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित होगी।
निरीक्षण टीम में विधिक माप विज्ञान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक ए. के. सिंह तथा क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत भी शामिल रहे।





