रुड़की में हिंदू संगठन के नेता पर फायरिंग का खुलासा, जानिए कौन था आरोपी?
रुड़की में हिंदू संगठन के नेता पर फायरिंग का पुलिस ने किया खुलासा
संवाद्दाता- संदीप चौधरी
रुड़की की गंगनहर कोतवाली पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
रुड़की के पनियाला चंदापुर में हिंदू संगठन के नेता विशाल पर हुई फायरिंग के मामले में गंगनहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी साहिब को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पनियाला चंदापुर का रहने वाला है।
गंगनहर कोतवाली में पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी देहात अभय सिंह ने पूरे मामले का खुलासा किया। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि 28 सितंबर को मेले में विशाल और आरोपी के भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ने की बात सामने आई। 30 सितंबर को विशाल अपनी गाड़ी से जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर चाउमीन का ठेला होने के कारण उसकी गाड़ी धीमी हुई। इसी दौरान आरोपी साहिब ने तमंचे से विशाल पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी साहिब को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ोतरी की गई है।
फिलहाल आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और पुलिस फायरिंग की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



