वृद्धजन दिवस पर CM धामी का बड़ा संदेश, बुजुर्गों के सम्मान पर जोर
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस / पीढ़ियों का कारवां
रिपोर्टर अमित कुमार
देहरादून, राजधानी देहरादून के हिमालय संस्कृति केंद्र, नींबूवाला (गढ़ी कैंट) में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर ‘पीढ़ियों का कारवां’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और समाज कल्याण मंत्री खजान दास मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज का दिन वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है।
उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से लगभग ₹149 करोड़ की पेंशन 9 लाख 92 हजार लाभार्थियों के खातों में सीधे ट्रांसफर की गई है, साथ ही दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए कोचिंग व्यवस्था और एनआईवीएच के बच्चों के लिए भी सहायता राशि जारी की गई है।
वहीं समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद हम सभी के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वृद्धाश्रमों की बढ़ती व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपरा के अनुसार अपने वरिष्ठजनों की सेवा करनी चाहिए।



