लालकुआं में सड़क पर फिर मचा हड़कंप, कार-स्कूटी की भीषण भिड़ंत

लालकुआं में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर घायल “मुक्तिधाम के पास हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त, कार भी हुई क्षतिग्रस्त।
रिपोर्टर गौरव गुप्ता
लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास गुरुवार को तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बिंदुखत्ता निवासी मनोज कर्नाटक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सवार युवक लालकुआं की ओर मुड़ रहा था, इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। गुरुवार को ही क्षेत्र में दो सड़क हादसे होने से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।






