12वीं बार मुकेश बोरा, तीसरी बार गोविंद सिंह मेहता निर्विरोध ,पूर्व चेयरमैन की करारी हार

12वीं बार मुकेश बोरा, तीसरी बार गोविंद सिंह मेहता निर्विरोध ,पूर्व चेयरमैन की करारी हार
दुग्ध समितियों के चुनाव में मुकेश बोरा का दबदबा कायम, गोविंद सिंह मेहता फिर निर्विरोध, पूर्व चेयरमैन हारे
सहकारिता चुनाव में मुकेश बोरा का दबदबा, गोविंद सिंह मेहता की तीसरी निर्विरोध जीत, पूर्व चेयरमैन को बिंदु खत्ता दुग्ध समिति ने नकारा
245 समितियों के चुनाव में बड़े उलटफेर, मुकेश बोरा-गोविंद मेहता का दबदबा; पूर्व चेयरमैन की हार
मुकेश बोरा ने फिर कायम रखा दबदबा, गोविंद मेहता की जीत, पूर्व चेयरमैन को बड़ा झटका
रिपोर्टर गौरव गुप्ता
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अधिकांश समितियों में पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन होने से दुग्ध उत्पादकों एवं समिति सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। कुल 245 समितियों में से 238 समितियों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि सात समितियों में चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
निर्वाचन में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ कायम रखी। बताया गया कि वर्ष 1996 से वह लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होते आ रहे हैं।
वहीं दुग्ध संघ के संचालक मंडल द्वारा सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होकर अपनी निरंतरता बरकरार रखी। हल्द्वानी क्षेत्र की संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति से तथा संचालक मंडल सदस्य हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के अध्यक्ष पद के चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। चुनाव मैदान में उनके सामने उतरे जगदीश पंत ने उन्हें मात देते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। इस नतीजे ने समिति के चुनावी समीकरणों को भी चर्चा में ला दिया।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न दुग्ध समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं प्रबंध कमेटी के सदस्यों के स्वागत और अभिनंदन का सिलसिला जारी है। नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ ही माला पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं। समितियों में निर्विरोध निर्वाचन को सहकारिता की भावना, आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी , पी एंड आई सुभाष बाबू , कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, एफओ शांति कोरंगा , सहायक महिला डेरी गीता ओझा , मीना रौतेला , रश्मि धामी, सुरेश चंद्र , स्टोर प्रभारी खलील अहमद , प्रभारी रमेश आर्या,विपिन तिवाड़ी, कमलेश कुमार , महेश पांडे, जेई दिनेश कुलौरा , विजय चौहान , विमल कुमार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर कार्य करने की अपेक्षा जताई।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल समेत अनेको भाजपाइयों एवं विभिन्न जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों एवं समिति सदस्यों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।



