बरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी: 93 लाख के 466 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाई मुस्कान

बरेली सतेन्द्र प्रताप सिंह
बरेली पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। साइबर टीम और सर्विलांस सेल की मदद से सैकड़ों लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले हैं।
बरेली पुलिस ने तकनीक और सतर्कता के दम पर एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। जून माह के विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 466 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये है।
जनवरी 2025 से जून 2026 तक बरेली पुलिस कुल 5725 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 11 करोड़ 43 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी बरेली के निर्देशन में साइबर टीम, सर्विलांस सेल और थानों की संयुक्त कार्रवाई से CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीक के जरिए इन मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया गया।
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने गुम और चोरी हुए मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने बरेली पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर फोन ब्लॉक कराएं, ताकि उसका दुरुपयोग रोका जा सके।
“तकनीक के सहारे जनता की संपत्ति सुरक्षित रखने का बरेली पुलिस का अभियान लगातार जारी है।


