खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में भव्य कवि सम्मेलन, रचनाओं से बांधा समां

खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में भव्य कवि सम्मेलन, रचनाओं से बांधा समां
बरेली ब्यूरो, सतेन्द्र प्रताप सिंह कुशवाहा
बरेली। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की मंडलीय स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी-2026 के अंतर्गत राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट (रजि.) भारत के तत्वावधान में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सराफा बाजार के अध्यक्ष व बरेली गणेश उत्सव के अध्यक्ष अनिल पाटिल ने दीप प्रज्वलित कर, माता सरस्वती को माल्यार्पण कर तथा महात्मा गांधी को कच्चे सूत की माला पहनाकर किया। संस्थान एवं उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि अनिल पाटिल को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कवि सम्मेलन में शहर के जाने-माने कवियों और साहित्यकारों ने अपनी शानदार काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रसिद्ध कवि मनोज दीक्षित (टिंकू), दीपक मुखर्जी, रितेश साहनी, राजकुमार अग्रवाल, डॉ. राजेश शर्मा कमरेली, मिलन कुमार मिलन और रामकुमार भारद्वाज अफरोज ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। कवियों ने हास्य, व्यंग्य, वीर रस, देशभक्ति, सामाजिक सरोकारों तथा “स्वदेशी अपनाओ, विदेशी भगाओ, खादी अपनाओ” जैसे विषयों पर आधारित कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और समाज को सकारात्मक संदेश दिया। शानदार प्रस्तुतियों से पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने कहा कि उ.प्र. सरकार के उपक्रम खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के ‘खादी एवं स्वावलंबन उत्सव-2026’ प्रदर्शनी के तहत उप मुख्य कार्यपाल अधिकारी (बरेली मंडल) मनोज कुमार गुप्ता द्वारा देश के विभिन्न क्षेत्रों से खादी उत्पादों के दुकानदारों को बुलाकर खादी मेला लगाया गया है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे मेले में आकर खरीदारी करें, जिससे दुकानदारों का मनोबल बढ़े और देश हित में खादी व स्वदेशी को बढ़ावा मिले।
उन्होंने कहा कि साहित्य और कविता समाज को जोड़ने, सामाजिक चेतना जागृत करने तथा भारतीय संस्कृति व परंपराओं को संरक्षित करने का सशक्त माध्यम हैं।
संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल ने अपने काव्य पाठ के माध्यम से सामाजिक एकता, मानव सेवा, राष्ट्रप्रेम और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है और कवियों की लेखनी समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देती है। काव्य पाठ करने वाले कवियों को उ.प्र. खादी ग्रामोद्योग एवं राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान द्वारा मफलर पहनाकर और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया, राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मेहंदीरत्ता व राकेश कुमार मौर्य, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दामोदर सिंह व रामकिशोर, उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के उप मुख्य कार्यपाल अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी व श्रोता उपस्थित रहे। अंत में संस्थान ने सभी कवियों, अतिथियों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।





