रुद्रपुर विधानसभा से टिकट की दावेदारी लेकर दिल्ली पहुंचीं किरण पांडे विश्वास, केजरीवाल के सामने उठाया बंगाली समाज के आरक्षण और विकास का मुद्दा

रुद्रपुर विधानसभा से टिकट की मजबूत दावेदारी लेकर दिल्ली पहुंचीं किरण पांडे विश्वास, अरविंद केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखा बंगाली समाज के आरक्षण और क्षेत्र के विकास का मुद्दा
रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
नई दिल्ली। उत्तराखंड की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी की प्रदेश महासचिव एवं महिला नेतृत्वकर्ता किरण पांडे विश्वास ने दिल्ली पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी सहित उत्तराखंड आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने की प्रबल दावेदारी पेश की।
इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान किरण पांडे विश्वास ने रुद्रपुर विधानसभा की जमीनी समस्याओं, बंगाली समाज के संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण, स्थानीय युवाओं के रोजगार, महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, पलायन और औद्योगिक विकास सहित विभिन्न जनहित के विषयों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को स्पष्ट संदेश दिया कि रुद्रपुर विधानसभा को अब केवल राजनीतिक वादों की नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर संघर्ष करने वाले मजबूत, ईमानदार और जवाबदेह नेतृत्व की आवश्यकता है।
“उत्तराखंड की बेटी हूं, जनता के अधिकारों के लिए लड़ना जानती हूं” – किरण पांडे विश्वास
किरण पांडे विश्वास ने पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी राजनीतिक दावेदारी रखते हुए कहा कि वह उत्तराखंड की बेटी हैं और जनता की समस्याओं को समझती हैं। महिलाओं को केवल संगठन में पद और जिम्मेदारियां देने तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें चुनाव लड़ने, निर्णय लेने और विधानसभा में जनता की आवाज बनने का अवसर भी मिलना चाहिए।
उन्होंने वर्ष 2024 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े अपने टिकट प्रकरण पर राजनीतिक षड्यंत्र का आरोप लगाते हुए कहा कि अब वह जनता के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सत्ता और पद नहीं, बल्कि गरीब, मजदूर, किसान, महिला, युवा और समाज के वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाना है।
बंगाली समाज को आरक्षण और संवैधानिक अधिकार दिलाना प्रमुख प्राथमिकता
किरण पांडे विश्वास ने बंगाली समाज के लंबे समय से लंबित संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने नामशूद्र, पौंड्र एवं राजवंशी सहित पात्र पुनर्वासित बंगाली समुदायों को उनके संवैधानिक अधिकार, अनुसूचित जाति से संबंधित पात्रता के अनुरूप प्रमाणपत्र, आरक्षण और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी पहल की मांग की।
उन्होंने कहा कि बंगाली समाज ने देश के निर्माण, स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद आज भी अनेक परिवार प्रमाणपत्र, भूमि अधिकार, शिक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बंगाली समाज को उसका अधिकार, सम्मान और न्याय मिलना चाहिए। आरक्षण किसी की कृपा नहीं, बल्कि पात्र समुदायों का संवैधानिक अधिकार है।
सिडकुल में 70 प्रतिशत रोजगार स्थानीय युवाओं को देने की मांग
रुद्रपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का मुद्दा भी ज्ञापन में प्रमुखता से शामिल रहा।
किरण पांडे विश्वास ने मांग की कि सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में कम से कम 70 प्रतिशत रोजगार स्थानीय युवाओं को उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी नीति बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि जिस उत्तराखंड की जमीन पर उद्योग स्थापित हैं, उसी उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है। इस स्थिति को बदलना आवश्यक है।
दिल्ली की तर्ज पर सरकारी विद्यालयों को डिजिटल बनाने का संकल्प
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने दिल्ली की तर्ज पर रुद्रपुर विधानसभा के सरकारी विद्यालयों को आधुनिक और डिजिटल बनाने का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने डिजिटल क्लासरूम, आधुनिक शिक्षण उपकरण, बेहतर विद्यालय भवन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और गरीब परिवारों के बच्चों को समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।
उनका कहना था कि गरीब का बच्चा भी अच्छी शिक्षा प्राप्त करके डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनने का सपना पूरा कर सके, यही वास्तविक शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य होना चाहिए।
मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर हर वार्ड में स्वास्थ्य सुविधाएं
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उन्होंने रुद्रपुर जिला अस्पताल के उच्चीकरण, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग रखी।
उन्होंने प्रस्ताव दिया कि मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर प्रत्येक वार्ड में स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएं, जहां आम नागरिकों को प्राथमिक चिकित्सा, आवश्यक जांच और निशुल्क दवाइयों की सुविधा मिल सके।
महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता और आत्मनिर्भर बनाने की योजना
महिला सशक्तिकरण को लेकर किरण पांडे विश्वास ने विशेष जोर दिया।
उन्होंने प्रस्ताव रखा कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
इसके साथ ही महिलाओं के लिए स्वरोजगार, रोजगार प्रशिक्षण, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने हेतु प्रत्येक माह विशेष शिविर आयोजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त नेतृत्वकर्ता बनाया जाना चाहिए।
अपराधमुक्त रुद्रपुर, महिला सुरक्षा और युवाओं को रोजगार
रुद्रपुर में कानून व्यवस्था, नशाखोरी, बढ़ते अपराध और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर के व्यापारियों, महिलाओं, मजदूरों, किसानों और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। अपराध और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाकर युवाओं का पलायन रोकना आवश्यक है।
दिल्ली में उत्तराखंड आम आदमी पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व रहा मौजूद
इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र यादव, सह-प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज जी, प्रदेश अध्यक्षा उमा सिसोदिया, प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पांडे जी, देहरादून से महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी ऊषा शर्मा, नानकमत्ता विधानसभा कोऑर्डिनेटर मधु राणा, जिला उपाध्यक्ष गुरनाम सिंह, कुलवंत, रंजीत, ऊधम सिंह नगर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विद्या रावत, ऊधम सिंह नगर के लोकसभा प्रभारी तथा उत्तराखंड के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इन सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में किरण पांडे विश्वास ने रुद्रपुर विधानसभा से अपनी दावेदारी रखते हुए क्षेत्र की समस्याओं और विकास के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की।
टिकट मिला तो रुद्रपुर की जनता के बीच उतरकर लड़ेंगी अधिकारों की लड़ाई
किरण पांडे विश्वास ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से आग्रह किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें रुद्रपुर विधानसभा से चुनाव लड़ने का अवसर प्रदान किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाती है और जनता का आशीर्वाद मिलता है, तो वह बंगाली समाज के संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण, स्थानीय रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करेंगी।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा का विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं होना चाहिए। विकास का वास्तविक अर्थ है कि गरीब परिवार के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, युवाओं को रोजगार मिले, महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा मिले, जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें तथा हर समाज को उसके अधिकार प्राप्त हों।
किरण पांडे विश्वास ने पार्टी नेतृत्व को संदेश देते हुए कहा – “उत्तराखंड की बेटी को अवसर दीजिए। मैं जनता के बीच जाकर संघर्ष करूंगी। रुद्रपुर की जनता की आवाज बनूंगी और बंगाली समाज सहित हर वर्ग के अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ी रहूंगी। राजनीति मेरे लिए पद और प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा और सामाजिक बदलाव का संकल्प है।”
रुद्रपुर की राजनीति में महिला नेतृत्व की दावेदारी चर्चा में
दिल्ली में हुई इस मुलाकात के बाद रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की संभावित चुनावी रणनीति और प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चाएं तेज होने की संभावना है।
अब देखना होगा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व किरण पांडे विश्वास की दावेदारी और उनके द्वारा उठाए गए क्षेत्रीय एवं सामाजिक मुद्दों को कितनी प्राथमिकता देता है।
रुद्रपुर की जनता के सामने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सुरक्षा और बंगाली समाज के संवैधानिक अधिकार जैसे महत्वपूर्ण सवाल हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में इन मुद्दों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रुद्रपुर को चाहिए अधिकारों की आवाज, विकास की सोच और जनता के बीच रहने वाला नेतृत्व।



