यशस्वी पुत्र को जन्म देने वाली ऐसी माता को बार-बार नमन: नवीन चन्द्र दुम्का

यशस्वी पुत्र को जन्म देने वाली ऐसी माता को बार-बार नमन: नवीन चन्द्र दुम्का
सीएम योगी की माता के निधन पर पूर्व विधायक ने जताया गहरा शोक, बताया उत्तराखंड के लिए श्रद्धा की मूर्ति।
रिपोर्टर गौरव गुप्ता। लालकुआं
लालकुआं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि लगभग 91 वर्ष की आयु में उनका निधन अत्यंत दुखद एवं कष्ट पहुंचाने वाला समाचार है।
शोक संवेदना प्रकट करते हुए पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने कहा कि सामान्यतः इस उम्र में मृत्यु को मोक्ष के रूप में देखा जाता है, लेकिन परिवार में बुजुर्ग और विशेषकर माँ का स्थान कोई भी कभी खाली नहीं देख सकता। उन्होंने भावुक होते हुए कहा “यद्यपि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संन्यासी हैं और परिवार से विरक्त रहते हैं, लेकिन माँ तो माँ ही होती है। किसी की भी माँ का जाना जीवन की सबसे बड़ी रिक्तता और अपूरणीय क्षति है।”
उन्होंने कहा कि वे ऐसी माता को बार-बार नमन करते हैं जिन्होंने योगी आदित्यनाथ जैसे यशस्वी पुत्र को जन्म दिया। उन्होंने आगे कहा कि माता सावित्री देवी पूरे उत्तराखंड के लिए श्रद्धा की मूर्ति हैं, इसलिए इस शोक की घड़ी में संवेदना प्रकट करना, नमन करना और श्रद्धांजलि देना हर उत्तराखंडवासी का कर्तव्य भी है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की माता सावित्री देवी का शुक्रवार आज दोपहर पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया, जिससे पूरे राजनीतिक व सामाजिक जगत में शोक की लहर है। पूर्व विधायक ने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करने तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।



