हल्द्वानी में शराब दुकान पर ओवररेटिंग का भंडाफोड़, संचालक पर 1 लाख का जुर्माना

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
हल्द्वानी के कालाढूंगी रोड स्थित एक देसी मदिरा की दुकान पर उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे वसूलने के मामले में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दुकान संचालक द्वारा 85 रुपये में मिलने वाला पव्वा 90 रुपये में और 95 रुपये वाला पव्वा 100 रुपये में बेचा जा रहा था। इस ओवररेटिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मामले का संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने दुकान का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान आबकारी विभाग ने स्टॉक, विक्रय रजिस्टर और मूल्य सूची का बारीकी से निरीक्षण किया, जिसमें 180 एमएल और 200 एमएल के पव्वों पर प्रति बोतल 5 रुपये अतिरिक्त लेने की पुष्टि हुई। इसके परिणामस्वरूप, दुकान संचालक नरेंद्र सिंह पर एक लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है। आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट ने दुकान कर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में केवल शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही विक्रय किया जाए; यदि दोबारा अधिक मूल्य लेने की शिकायत मिली, तो चालानी कार्रवाई दोगुनी की जाएगी।



