
हल्द्वानी: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर पार्टी की तैयारियां जोरों पर हैं। चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टियों के दौरे जारी हैं। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2022 में ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है। आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज (19 सितंबर) को हल्द्वानी पहुंचेंगे।
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के कुमाऊं दौरे के बाद सियासी गलियारों में हलचल मची हुई है। अपने आज के दौरे पर अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड के लिए बड़ी घोषणा करेंगे इसका ऐलान पार्टी कार्यकर्ता कर चुके हैं। अरविंद केजरीवाल ने अपने देहरादून दौरे पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली की घोषणा के बाद सियासी दलों की नींद उड़ गई थी। ऐसे में अरविंद केजरीवाल का कुमाऊं दौरा अहम माना जा रहा है।
जानकारों की मानें तो अरविंद केजरीवाल पहाड़ के युवाओं को लुभाने के लिए हर संभवत: अपना चुनावी दांव खेलते हुए चुनाव में युवाओं को अपने पक्ष में करने के लिए बेरोजगारी भत्ता की घोषणा कर सकते हैं।
जानकारों की मानें तो उत्तराखंड में करीब 9 लाख युवा बेरोजगार है। वोट बैंक के तहत युवाओं की अच्छी खासी उत्तराखंड में तादाद है। ऐसे में संभवत: अरविंद केजरीवाल प्रति महीना 2000 से लेकर ₹5000 तक के बेरोजगारी भत्ते का ऐलान कर सकते हैं।
बता दें कि, अरविंद केजरीवाल आज सुबह 11:00 बजे चार्टर्ड प्लेन से पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जहां सड़क मार्ग से हल्द्वानी पहुंचेंगे और 1 बजे मीडिया से बातचीत करेंगे। जिसके बाद केजरीवाल तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।
वहीं, रामलीला मैदान में तिरंगा यात्रा का समापन होगा और केजरीवाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत अरविंद केजरीवाल सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पार्टी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे।