हल्दूचौड़ की सड़क और किसानों के मुद्दे पर गरजे जनप्रतिनिधि, NHAI को सौंपा मांगों का ज्ञापन

रिपोर्ट गौरव गुप्ता।
हल्दूचौड़ चौराहे से गोरापड़ाव तक के अन्य कटों को भी व्यवस्थित करने,सड़क चौड़ीकरण एवं गन्ना किसानों की आगामी पेराई सत्र में गन्ना ढुलान सम्बंधित समस्याओं के समाधान को लेकर एनएचएआई को सौंपा गया ज्ञापन ।
हल्दूचौड़ क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर आज क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक,रुद्रपुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर हल्दूचौड़ चौराहे के समीप बंद पड़े कट को जनहित में तत्काल खोले जाने,हल्दूचौड़ क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने तथा आगामी पेराई सत्र को देखते हुए गन्ना किसानों की गन्ना ढुलान सम्बंधित समस्याओं का समय रहते समाधान करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि कट बंद होने के कारण हल्दूचौड़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक, केनरा बैंक, अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गायत्री शक्तिपीठ, पुलिस चौकी सहित अनेक सरकारी एवं निजी संस्थान स्थित हैं। कट बंद होने से लोगों को गलत दिशा से आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और आम जनता को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया कि आगामी पेराई सत्र को ध्यान में रखते हुए गन्ना किसानों को अपनी गन्ने की फसल के परिवहन एवं आवागमन में होने वाली व्यवहारिक कठिनाइयों का भी समाधान किया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज चीनी मिल तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही हल्दूचौड़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का भी आग्रह किया गया, जिससे स्थानीय जनता, व्यापारियों और किसानों को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल,उमेश चन्द्र कबडवाल अध्यक्ष अनुशासन समिति जिला कांग्रेस कमेटी नैनीताल ,हेमवती नन्दन दुर्गापाल प्रदेश महासचिव,किसान कांग्रेस,कैलाश बमेटा,जीवन कबडवाल, बसन्त जोशी, मनोज बिष्ट एवं नरेन्द्र सिंह सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने एनएचएआई से जनहित, सड़क सुरक्षा एवं किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए इन सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया।



