उत्तराखंड

रुड़की के ड्राइविंग स्कूलों की जांच में खुली पोल, कई संस्थानों में मिली भारी लापरवाही, वाहन भी सीज

देहरादून।

जनहित, सड़क सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण चालक प्रशिक्षण सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से आज एआरटीओ प्रशासन और प्रवर्तन रुड़की द्वारा रुड़की क्षेत्र में संचालित मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थानों के विरुद्ध विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मोटरयान नियमावली, 1989 के अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुसार संस्थानों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, प्रशिक्षण कक्षों, प्रशिक्षकों की योग्यता, प्रशिक्षण उपकरणों, अभिलेखों, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली, सिमुलेटर मशीन, प्रशिक्षण वाहनों एवं सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण अभियान के अंतर्गत सर्वप्रथम सेव मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, आर०आर० सिनेमा के पास, रुड़की का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय संस्थान का स्वामी/प्रबंधक/प्रशिक्षक मौके पर उपस्थित नहीं पाया गया। निरीक्षण में संस्थान निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होता नहीं पाया गया। संस्थान परिसर का स्वरूप प्रशिक्षण संस्थान की अपेक्षा आवासीय उपयोग जैसा प्रतीत हुआ तथा मानकानुसार आवश्यक सूचना बोर्ड एवं यातायात संबंधी प्रदर्श सामग्री प्रदर्शित नहीं पाई गई।

निरीक्षण के दौरान संस्थान में स्थापित सिमुलेटर मशीन एवं बायोमेट्रिक मशीन खराब अवस्था में पाई गईं। प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक अभिलेख, उपस्थिति पंजिका, प्रशिक्षण रजिस्टर, प्रशिक्षुओं का रिकॉर्ड एवं अन्य अनिवार्य दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। प्रशिक्षण हेतु आवश्यक पाठ्य सामग्री, सड़क संकेतक बोर्ड, यातायात चिन्हों के चार्ट एवं प्रशिक्षण उपकरण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध नहीं पाए गए।

संस्थान संचालक को निर्देशित किया गया है कि तत्काल कार्यालय में उपस्थित होकर समस्त अभिलेख एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें तथा यह स्पष्ट करें कि निर्धारित मानकों का अनुपालन न किए जाने के कारण उनके संस्थान के विरुद्ध मान्यता समाप्ति/बंदी की कार्रवाई क्यों न की जाए।

द्वितीय निरीक्षण साकुम्भरी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, आदर्श नगर, रुड़की का किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संस्थान में कार्यरत प्रशिक्षक निर्धारित योग्यता मानकों के अनुरूप नहीं थे। प्रशिक्षकों के पास आवश्यक व्यावसायिक ड्राइविंग लाइसेंस, न्यूनतम अनुभव प्रमाणपत्र एवं तकनीकी/आईटीआई संबंधी प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं पाए गए।

इसके अतिरिक्त संस्थान में प्रशिक्षण हेतु आवश्यक सिमुलेटर मशीन, बायोमेट्रिक मशीन, कंप्यूटर प्रणाली, पाठ्य सामग्री, सड़क संकेतक बोर्ड, यातायात चिन्हों के चार्ट, प्राथमिक उपचार पेटिका तथा प्रशिक्षण संबंधी अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं पाए गए। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि संस्थान द्वारा निर्धारित अभिलेखों एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा था।

निरीक्षण के दौरान संस्थान में उपलब्ध प्रशिक्षण वाहन संख्या UK17TA 0992 की भी जांच की गई। जांच में वाहन का कर (Tax) अद्यतन नहीं पाया गया। वाहन की यांत्रिक स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी तथा वाहन के अंदर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं पाई गईं। सीटें अव्यवस्थित अवस्था में मिलीं एवं वाहन प्रशिक्षण प्रयोजन हेतु सुरक्षित स्थिति में नहीं पाया गया। उक्त वाहन का चालान करते हुए वाहन को सीज कर दिया गया।

संस्थान में पाई गई गंभीर अनियमितताओं एवं मानकों के व्यापक उल्लंघन के दृष्टिगत साकुम्भरी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील कर दिया गया है। संस्थान संचालक/प्रबंधक को निर्देशित किया गया है कि तत्काल कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा उनके लाइसेंस के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

तृतीय निरीक्षण एलाइट मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, शिवालिक्स, रुड़की का किया गया। निरीक्षण के समय उक्त संस्थान वर्तमान में नवीनीकरण प्रक्रिया में होने के कारण बंद पाया गया। संस्थान संचालक को निर्देशित किया गया है कि नवीनीकरण उपरांत ही संस्थान का संचालन सुनिश्चित किया जाए।

एआरटीओ प्रशासन रुड़की द्वारा बताया गया कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत चालक प्रशिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी स्थिति में मानकों की अनदेखी अथवा अपूर्ण व्यवस्थाओं के साथ प्रशिक्षण संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों एवं वाहनों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान के दौरान एआरटीओ प्रशासन रुड़की जितेन्द्र चंद, एआरटीओ प्रवर्तन कृष्ण पलड़िया टीम, सोनू कुमार, विकास, अंसारी, प्रमोद आर्य, शोहेब, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सईद अहमद एवं डी०बी०ए० नितिन जोशी, सचिन चौधरी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button