उत्तराखंड

लालकुआं में पुलिस का सख्त एक्शन, काली फिल्म वाले वाहनों समेत 46 चालान, 30 हजार का जुर्माना वसूला

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

लालकुआं। कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर लालकुआं कोतवाली पुलिस ने बुधवार देर शाम सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने काली फिल्म चढ़ाकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा होटल-ढाबों और फड़-ठेलों में अवैध रूप से शराब परोसने-पिलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।

कोतवाली प्रभारी बृज मोहन राणा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पुलिस ने काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ विशेष सख्ती दिखाते हुए 4 चालान किए। इसके अलावा पुलिस एक्ट के तहत 16 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि मोटर वाहन अधिनियम के तहत 26 चालान काटे गए। अभियान के दौरान कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

चेकिंग अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र, मुख्य चौराहों, होटल-ढाबों तथा सार्वजनिक स्थलों पर गहन निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत भी दी।

कोतवाल बृज मोहन राणा ने साफ शब्दों में कहा कि “अवैध गतिविधियों, शराबखोरी और यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काली फिल्म लगाकर नियम तोड़ने वालों और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।”

उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

इधर टीम में मुख्य रूप से वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जोगेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक प्रेम सिंह राणा, वंदना चौहान, कांस्टेबल चन्द्रशेखर मल्होत्रा, कमल बिष्ट, आनन्द पूरी सहित कई लोग मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button