उत्तराखंड

उत्तराखंड बना संस्कृत संवर्धन का मॉडल, सचिव दीपक कुमार ने डीडी न्यूज़ में रखी बड़ी पहल

उत्तराखण्ड के संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार ने डीडी न्यूज़ की महानिदेशिका से की भेंट; कहा – संस्कृत का ज्ञान विश्व को नई दिशा देने की रखता है अपार क्षमता

उत्तराखंड बना संस्कृत संवर्धन का मॉडल, सचिव दीपक कुमार ने डीडी न्यूज़ में रखी बड़ी पहल

देहरादून। उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृत शिक्षा, कार्यक्रम क्रियान्वयन एवं जनगणना सचिव दीपक कुमार ने नई दिल्ली स्थित डीडी न्यूज़ मुख्यालय में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की वरिष्ठ भारतीय सूचना सेवा अधिकारी तथा डीडी न्यूज़ की महानिदेशिका ममता वर्मा से शिष्टाचार भेंट की।

बैठक के दौरान दीपक कुमार ने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य में संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निरंतर संस्कृत के व्यापक प्रसार के लिए प्रयासरत हैं तथा अपने सार्वजनिक संबोधनों में संस्कृत श्लोकों का नियमित उद्धरण देकर युवाओं को भारत की समृद्ध भाषायी एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में प्रत्येक जनपद में एक-एक संस्कृत ग्राम स्थापित कर कुल 13 संस्कृत ग्राम विकसित किए गए हैं, जिनके माध्यम से संस्कृत के प्रचार-प्रसार का सशक्त वातावरण तैयार हुआ है तथा इस भाषा को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की यह अभिनव पहल नागरिकों में भाषायी एवं सांस्कृतिक गौरव की भावना जागृत करने के साथ-साथ भारतीय ऋषि-मुनियों एवं विद्वानों द्वारा मानवता के कल्याण के लिए सृजित विशाल ज्ञान-संपदा से समाज को पुनः जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने यह भी बताया कि इन संस्कृत ग्रामों में संस्कृत फ़िल्म महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन संस्कृत प्रेमी लिथुआनिया की राजदूत महामहिम सुश्री डायना मिकेविचिएने द्वारा किया जायेगा । इस अवसर पर वे संस्कृत के विद्यार्थियों से भी संवाद करेंगी।

दीपक कुमार ने कहा कि संस्कृत शिक्षा निदेशालय, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार; केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय का श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर, देवप्रयाग; तथा उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थान सहित अनेक प्रमुख संस्थान वैदिक ज्ञान के प्रसार तथा जनसामान्य के बीच संस्कृत शिक्षा के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के सामूहिक प्रयासों से राज्य में संस्कृत शिक्षा एवं जन-जागरूकता को उल्लेखनीय बल मिला है।

उन्होंने डीडी न्यूज़ से आग्रह किया कि देशभर के गुरुकुलों, विद्यापीठों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं प्रतिभा को प्रदर्शित करने वाले विशेष कार्यक्रम प्रारम्भ किए जाएँ।

उन्होंने कहा कि गुरुकुल परम्परा में शिक्षित विद्यार्थी कठोर अध्ययन एवं अद्भुत स्मरण-शक्ति के कारण वेद, उपनिषद् तथा अन्य शास्त्रीय ग्रंथों में असाधारण दक्षता रखते हैं। साथ ही, आज के ये विद्यार्थी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा आधुनिक डिजिटल प्रौद्योगिकियों का भी जिम्मेदारी एवं नवाचार के साथ प्रभावी उपयोग कर रहे हैं।

मुख्यधारा के मीडिया में संस्कृत विद्वानों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए दीपक कुमार ने सुझाव दिया कि डीडी न्यूज़ योग्य संस्कृत विद्यार्थियों को समाचार वाचक, संवाददाता, संपादक, निर्माता तथा कंटेंट क्रिएटर के रूप में अवसर प्रदान कर सकता है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल संस्कृत पत्रकारिता एवं मीडिया के क्षेत्र में युवाओं को आकर्षित करेगी, बल्कि व्यापक समाज में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार को भी नई गति प्रदान करेगी।

नैनीताल जनपद के आचार्य दिनेश चन्द्र जोशी के योगदान का उल्लेख करते हुए संस्कृत सचिव दीपक कुमार ने कहा कि उत्तराखण्ड में संस्कृत को द्वितीय राजभाषा का दर्जा दिलाने में उनका ऐतिहासिक योगदान रहा है। उनकी विशिष्ट सेवाओं के सम्मान में हाल ही में डाक विभाग द्वारा उनके सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट जारी किया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार 11 अप्रैल, 2026 से 11 अप्रैल, 2027 तक आचार्य दिनेश चन्द्र जोशी की जन्मशती वर्ष का देशभर में विभिन्न स्मृति कार्यक्रमों एवं शैक्षणिक आयोजनों के माध्यम से आयोजन कर रही है, जिससे संस्कृत, भारतीय ज्ञान परम्परा एवं राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर के प्रति उनके अमूल्य योगदान का स्मरण किया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि उत्तराखण्ड सरकार राज्य के संस्कृत विद्वानों की एक व्यापक निर्देशिका तैयार कर रही है, जिसमें उन अनेक शतायु एवं वरिष्ठ विद्वानों को भी सम्मिलित किया जाएगा, जिन्होंने संस्कृत साहित्य एवं संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

यह भी देखें 👇 

https://www.instagram.com/reel/DahrZ4lTRjD/?igsh=Mzc0c2JxemI2aHA4

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button