उत्तराखंड

वीआईपी नंबर और पुलिस स्टिकर लगी कार सीज, खुद को डिप्टी कमांडेंट का बेटा बता रहा था चालक

रिपोर्टर गौरव गुप्ता। लालकुआँ

शहर में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान लालकुआं कोतवाली पुलिस ने वीआईपी नंबर और पुलिस स्टिकर लगी एक कार को सीज कर दिया। चालक खुद को दिल्ली निवासी डिप्टी कमांडेंट का बेटा बता रहा था। पुलिस को वाहन के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम सुभाष नगर पुलिस चेकपोस्ट पर कोतवाल ब्रजमोहन राणा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, कांस्टेबल शेखर मल्होत्रा और कमल बिष्ट द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नैनीताल की ओर से लालबत्ती और पुलिस स्टिकर लगी दिल्ली नंबर की कार संख्या DL 10 CL 9023 तेज गति से आती दिखाई दी।

पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी। इस पर पुलिस टीम ने बैरिकेडिंग लगाकर वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान कार के कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पूछताछ में चालक ने खुद को डिप्टी कमांडेंट का बेटा बताया।

पुलिस ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन को सीज कर दिया। वहीं अभियान के दौरान दो दर्जन से अधिक वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button