लालकुआं में गैस होम डिलीवरी फिर पटरी पर, पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत की सक्रियता लाई रंग
स्वयं मौके पर पहुंचकर निगरानी में करवा रहे वितरण, लोगों का भरोसा लौटा

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
लालकुआं क्षेत्र में घरेलू एलपीजी गैस की होम डिलीवरी व्यवस्था एक बार फिर पटरी पर लौटती दिखाई दे रही है। इस व्यवस्था को सुचारु करने का श्रेय क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत को जाता है, जो स्वयं मौके पर पहुंचकर वितरण कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
17 मार्च को सुरुचि गैस एजेंसी के तय रोस्टर के अनुसार लालकुआं शहर, सीपीपी कॉलोनी, बिंदुखत्ता ट्रॉली लाइन, इंदिरा नगर प्रथम व द्वितीय, हाडाग्राम, हल्दूचौड़ जग्गी, हरिपुर बच्ची और धनपुर क्षेत्रों में गैस की होम डिलीवरी सफलतापूर्वक कराई गई। वहीं आज भी निर्धारित कार्यक्रम के तहत हाथीखाना, 25 एकड़, राधा बंगर, भानदेव नवाड़, इंद्रपुर, जयपुर बीसा, बेरीपड़ाव, दुर्गापालपुर मोतीराम, हल्दूचौड़ दीना, कार रोड बिंदुखत्ता और रेलवे कॉलोनी में वितरण कार्य सुचारु रूप से जारी रहा।
कुछ दिन पहले तक घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर क्षेत्र में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ था, लेकिन पूर्ति विभाग की सक्रियता के चलते अब हालात सामान्य होने लगे हैं। इससे लोगों का भरोसा भी धीरे-धीरे बहाल हो रहा है। इसके साथ ही गैस एजेन्सी संचालक एवं पूर्ति निरीक्षक द्वारा सुबह 6 से रात्रि 8 बजे तक गैस का वितरण किया जा रहा है, जिसको लेकर लोगों ने सरकार और प्रशासन का धन्यवाद दिया है।
वही पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने क्षेत्रीय जनता से अपील की है कि वे घरों में ही रहें, क्योंकि रोस्टर के अनुसार गैस की होम डिलीवरी उनके दरवाजे तक सुनिश्चित की जा रही है।
पूर्ति विभाग की यह पहल न केवल सराहनीय है, बल्कि आमजन को बड़ी राहत देने वाली भी साबित हो रही है।









