हल्दूचौड़ में 54 आंगनबाड़ियों का लक्ष्य समय से पहले पूरा, महिला मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट ने जताया कार्यकर्ताओं का आभार

हल्दूचौड़ में 54 आंगनबाड़ियों का लक्ष्य समय से पहले पूरा, महिला मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट ने जताया कार्यकर्ताओं का आभार
रिपोर्टर गौरव गुप्ता
लालकुआं,हल्दूचौड़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल के उपलक्ष्य में आयोजित पोषण और जागरूकता अभियानों के तहत हल्दूचौड़ मंडल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हल्दूचौड़ महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कंचन भट्ट ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि मंडल के अंतर्गत आने वाली सभी 54 आंगनबाड़ियों में विशेष कार्यक्रम तय समयसीमा (25 सितंबर से 7 अक्टूबर) से पहले ही 6 अक्टूबर को सफलतापूर्वक संपन्न कर लिए गए हैं।
कंचन भट्ट ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों तक केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और पोषण आहार की पहुंच सुनिश्चित करना था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के दौरान गर्भवती महिलाओं के लिए ‘लक्ष्मी किट’, ‘खुशियों की सवारी’, बच्चों के लिए ‘पौष्टिक आहार’ तथा बालिकाओं की उच्च शिक्षा निरंतर रखने के लिए ‘नंदा गौरा योजना’ जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाए गए हैं।
कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का जताया आभार
अध्यक्ष कंचन भट्ट ने इस सफलता का श्रेय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और अपनी पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पहली सीढ़ी के रूप में रात-दिन मेहनत करती हैं।

इस सफल आयोजन के लिए उन्होंने लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका , प्रदेश युवा मोर्चा महामंत्री, महिला मोर्चा की टीम तथा आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) पूनम गोस्वामी समेत सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।



