गौरापड़ाव में लूट का पुलिस ने किया खुलासा “दो गिरफ्तार

गौरापड़ाव में लूट का पुलिस ने किया खुलासा “दो गिरफ्तार।
रिपोर्टर- गौरव गुप्ता
हल्द्वानी/लालकुआं। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा डाली गई लाखों रुपये की डकैती का नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटना में शामिल दो शातिर नकाबपोश डकैतों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल-तमंचा, 08 जिंदा कारतूस तथा लूटी गई धनराशि बरामद की गई है।
8 लाख की नकदी, जेवरात और 12 मोबाइल लूटकर फरार हुए थे 10 हथियारबंद बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 19 अगस्त 2026 की शाम तीनपानी (अम्बा बिहार) निवासी नारायण दास पुत्र रोशन लाल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित ने बताया कि किआ (KIA) शोरूम के पीछे स्थित उनके ऑफिस व गैरेज में 10 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर उन्हें और उनके परिचितों को बंधक बना लिया।
आरोपी बंदूक की नोक पर लगभग 8 लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन और सोने की तीन चेन व अंगूठियां लूटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी।
50 सदस्यीय विशेष टीम और सर्विलांस की मदद से गिरफ्त में आए दो शातिर आरोपी
डकैती की संगीन वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार सैनी और सीओ लालकुआं विमल प्रसाद की देखरेख में एसओजी, साइबर सेल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मिलाकर 50 पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की।
सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल सर्विलांस और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25 वर्ष) निवासी विथा अकबर, सितारगंज (ऊधम सिंह नगर) और रखवीर सिंह (28 वर्ष) निवासी ईश्वरपुर, शीशगढ़ (बरेली, उ.प्र.) के रूप में हुई है।
जुआ हारने के बाद कर्ज चुकाने के लिए रची गई थी डकैती की साजिश
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि किच्छा निवासी यश सिडाना लाखों रुपये का जुआ हारने के कारण आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। यश ने ही आरोपियों को जानकारी दी थी कि गोरापड़ाव स्थित उक्त स्थान पर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जाता है।
इसके बाद सभी ने मिलकर डकैती की योजना बनाई ताकि लूटी गई रकम से हार की भरपाई की जा सके। आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया। पहचान छिपाने और डिजिटल फुटप्रिंट से बचने के लिए आरोपियों ने लूटे गए मोबाइलों को रास्ते में ही फेंक दिया था।
कड़ी धाराओं में कार्रवाई, पुलिस टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अवैध हथियार, 8 जिंदा कारतूस और 31,000 रुपये की नगदी बरामद की है। मामले में BNS की धारा 61(2) और 317(3) की बढ़ोत्तरी की गई है। एसएसपी ने बताया कि संगठित अपराध के तहत नए कड़े कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसमें आजीवन कारावास से मृत्युदंड तक का प्रावधान है।
आरोपी रखवीर सिंह का पूर्व में भी हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर अपराधों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इस सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद इनाम से पुरस्कृत किया है।



