शर्मनाक : मासूम नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता किए जाने पर…

रिपोर्टर गौरव गुप्ता
पन्तनगर-देश के प्रतिष्ठित गोविंद वल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को तार-तार करने वाली एक बेहद शर्मनाक और संवेदनशील घटना सामने आई है।
विश्वविद्यालय परिसर के भीतर कुछ मासूम नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता किए जाने के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त उबाल है। घटना से आक्रोशित पीड़ित परिजनों और सैकड़ों महिलाओं ने बुधवार की देर रात पंतनगर कोतवाली का घेराव कर भारी हंगामा किया।
जनता के भारी गुस्से और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ठेका कर्मी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शाम को घूमने निकली थीं बच्चियां, अकेलेपन का उठाया फायदा
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम को कुछ नाबालिग बच्चियां पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर के भीतर ही टहलने और घूमने के लिए निकली थीं। इसी दौरान विश्वविद्यालय परिसर में ही कार्यरत एक ठेका कर्मी, जिसकी पहचान दीपक शर्मा के रूप में हुई है, ने बच्चियों को अकेला पाकर उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी।
आरोपी ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की और अश्लील व अभद्र व्यवहार किया। सहमी हुई बच्चियां किसी तरह सूझबूझ दिखाकर आरोपी के चंगुल से छूटकर भागते हुए अपने घर पहुंचीं। रोती-बिलखती बच्चियों ने जब अपने परिजनों को इस आपबीती की जानकारी दी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
कोतवाली में आधी रात तक हाईवोल्टेज हंगामा, सुरक्षा पर उठे सवाल।
इस घिनौनी वारदात की सूचना मिलते ही पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तीव्र आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते पीड़ित परिजनों के साथ सैकड़ों स्थानीय नागरिक और विशेष रूप से भारी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर पंतनगर कोतवाली पहुंच गईं।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए देर रात तक कोतवाली परिसर में जमकर हंगामा किया, जिससे माहौल बेहद तनावपूर्ण बना रहा।
घटना को लेकर प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों का साफ कहना था कि पंतनगर विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित, अनुशासित और सुरक्षित माने जाने वाले शैक्षणिक परिसर में इस तरह की वारदात को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि बेटियां विश्वविद्यालय परिसर के अंदर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो उनकी सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान है प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को तत्काल कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
आरोपी हिरासत में, गहन जांच में जुटी पुलिस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ठेका कर्मी दीपक शर्मा को तत्काल हिरासत में ले लिया।
वही पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी दीपक शर्मा के खिलाफ सख्त पॉक्सो (POCSO) अधिनियम और अन्य संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से विस्तृत और गहन जांच कर रही है। नंदन सिंह बिष्ट, कोतवाल पन्तनगर।



