हल्दूचौड़ में युवा जोश का जलवा! प्रदेश महामंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे दीपेंद्र

हल्दूचौड़ में युवा जोश का जलवा!
प्रदेश महामंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे दीपेंद्र कोश्यारी,व्यापारियों से की मुलाकात, जन समस्याओं के समाधान और आगामी चुनावी रणनीति पर किया मंथन।
रिपोर्टर गौरव गुप्ता। लालकुआँ
आज लालकुआँ के हल्दूचौड़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के स्वागत में युवा जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार लालकुआँ के हल्दूचौड क्षेत्र में पहुंचे कोश्यारी का भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने भव्य स्वागत किया। जगह-जगह फूलमालाओं और जयकारों के बीच उनका काफिला शहर में प्रवेश करता रहा।
आदर्श व्यापार मंडल द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में कोश्यारी ने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याएं जानीं। उन्होंने कहा कि जनता की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाया जाएगा, और भाजपा युवा मोर्चा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए काम करेगा।
कोश्यारी ने यह भी कहा कि हल्दूचौड़ और आसपास के इलाकों में व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार, सड़क सुधार और रोजगार सृजन पर ठोस पहल की जाएगी।
इस दौरान व्यापारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानकविहीन कटों से हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया। जिस पर दीपेंद्र कोश्यारी ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही एनएच अधिकारियों और जिलाधिकारी से मुलाकात कर इसका स्थायी समाधान करवाएंगे।
स्थानीय राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, कोश्यारी का यह दौरा केवल औपचारिक नहीं बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव की दिशा में रणनीतिक कदम भी माना जा रहा है। हल्दूचौड़-लालकुआं क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाकर वे भाजपा के युवा चेहरों में अपनी मज़बूत उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं।
कार्यक्रम में आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष एन.के. मिश्रा, रवि राणा, पूर्व सैनिक कल्याण समिति अध्यक्ष पूरन चंद्र जोशी, लक्की दुमका, कमल जोशी, भुवन गरवाल, प्रमोद तिवारी, दीप तिवारी, पानदेव कबड़वाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह में एक ओर जहां कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार था, वहीं दूसरी ओर यह दौरा भाजपा की आने वाली चुनावी रणनीति की आहट के रूप में भी देखा जा रहा है।
हल्दूचौड़ में दीपेंद्र कोश्यारी का यह दौरा जनता के बीच भरोसे का संदेश और 2027 की तैयारियों का संकेत दोनों लेकर आया।



