
नई दिल्ली: उत्तराखंड में भले ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को बदलने की चर्चाएं आम हो लेकिन आज एक चिट्ठी वायरल हो गई जिसमें उत्तराखंड बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष विनोद चमोली को बनाए जाने की बात की गई। हालांकि ऐसी कोई चिट्ठी भाजपा आलाकमान की तरफ से जारी नहीं हुई है और ना ही विनोद चमोली को अध्यक्ष बनाया गया है। यह जानकारी उत्तराखंड बीजेपी के सूत्रों ने कही है।
भाजपा नेताओं ने वायरल पत्र पर क्या कहा?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को अध्यक्ष पद से हटाए जाने की अफवाह सोशल मीडिया पर मंगलवार शाम बहुत तेजी से वायरल हुई। अफवाह के समर्थन में सोशल मीडिया पर भाजपा हाईकमान की ओर से पत्र भी जारी किया गया। जिसके अनुसार अध्यक्ष मदन कौशिक को हटाकर भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष देहरादून से भाजपा विधायक विनोद चमोली को बनाया गया है। लेकिन इस संबंध मे विनोद चमोली ने अपनी फेसबुक पोस्ट डालकर खबर का खंडन किया और कहा कि यह कोरी अफवाह है।
दरअसल पत्र, आधिकारिक तौर पर प्रदेश भाजपा कार्यालय की ओर से जारी नहीं किया गया। पत्र में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के हस्ताक्षर भी हैं। पार्टी ने इस पत्र को झूठा बताया और जांच की बात कही है। गौरतलब है कि कांग्रेस में गढ़वाल से गणेश गोदियाल को अध्यक्ष बनाने के बाद भाजपा में भी गढ़वाल से ब्राह्मण प्रदेश अध्यक्ष की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था।
दरअसल मौजूदा समय में हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक प्रदेश अध्यक्ष का जिम्मा संभाले हुए हैं। 21 सितम्बर की तारीख वाले पत्र के वॉयरल होते ही उत्तराखंड की भाजपाई राजनीति में विशेष हलचल देखी गयी।