
गढ़वाल व कुमाऊं मंडल विकास निगम कर्मचारियों ने किया 2 घंटे कार्य बहिष्कार
गोपेश्वर: चमोली जिला मुख्याल गोपेश्वर में गढ़वाल मंडल विकास निगम कर्मचारियों ने 2 घंटे कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर एजेंसी परिसर में धरना प्रदर्शन किया। बाद में कर्मचारियों ने जिलाधिकारी हिमांशु खुराना के जरिए सीएम को ज्ञापन भेजा। कार्य बहिष्कार के दौरान पैट्रोल, रसोई गैस लेने आए उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार को गढ़वाल मंडल विकास निगम कर्मियों ने संयुक्त कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष विजय पुरोहित के नेतृत्व में 2 घंटे का कार्य बहिष्कार किया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि 12 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को गढ़वाल और कुमाउ मंडल में 3 घंटे का कार्य बहिष्कार किया गया। उन्होंने वर्षों से दैनिक वेतन में काम कर रहे कर्मियों को नियमित करने, संविदा कर्मचारियों का वेतन 25 हजार करने, दोनों निगमों को कोरोना काल में हुए नुकसान को देखते हुए 50-50 करोड़ का आर्थिक पैकेज देने की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने कर्मचारियों के देयकों का भुगतान करने, निगम को कोरोना योद्धा घोषित करते हुए अतिरिक्त मानदेय देने समेत 12 सूत्रीय मांग पूरी करने को कहा। प्रदर्शन करने वालों में जिला अध्यक्ष विजय पुरोहित, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद डिमरी, संगठन मंत्री जयपाल सिंह बिष्ट, अनिल, वृजमोहन कोठियाल, जगमोहन रावत, नवीन नेगी, माघी आर्य, रामेश , पुरोहित, सूमन पवार, चंद्र प्रकाश सती आदि मौजूद थे।