लीसे की तस्करी का बड़ा खुलासा, टैंकर में छिपाकर ले जाया जा रहा भारी मात्रा में लीसा बरामद

तराई पूर्वी वन प्रभाग एवं नैनीताल वन प्रभाग की संयुक्त कार्रवाई में लीसे के टैंकर से भारी मात्रा में लीसा बरामद
रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
हल्द्वानी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी के उप प्रभागीय वनाधिकारी, गौला अनिल कुमार जोशी के नेतृत्व में वन उपज की तस्करी एवं अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए तराई पूर्वी वन प्रभाग एवं नैनीताल वन प्रभाग की एक विशेष टीम गठित की गई । टीमों द्वारा रात्रि से प्रातः तक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी एवं निगरानी की गई। इसी दौरान 11 अक्टूबर 2026 को प्रातः लगभग 5:30 बजे भवाली-गेटिया के पास वाहन संख्या UP25GT8043 सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा पाया गया। संयुक्त टीम द्वारा वाहन की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में लीसा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच के अनुसार, टैंकर के माध्यम से लीसे को छिपाकर ले जाया जा रहा था। संयुक्त टीम के मौके पर पहुंचने से पूर्व ही वाहन चालक टैंकर को सड़क किनारे खड़ा करके फरार हो गया था।
इस संयुक्त छापेमारी अभियान में उप प्रभागीय वनाधिकारी, गौला अनिल कुमार जोशी के नेतृत्व में वन विभाग की संयुक्त टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्रवाई में वन क्षेत्राधिकारी डौली प्रदीप पंत, वन क्षेत्राधिकारी गौला चंदन सिंह अधिकारी, वन क्षेत्राधिकारी भवाली विजय मेलकानी तथा वन क्षेत्राधिकारी मनोरा नितिन पंत , तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी की एसओजी टीम के प्रभारी नवीन रैकवार सहित कई अन्य वनकर्मी द्वारा भी संयुक्त कार्रवाई में प्रतिभाग किया। दोनों वन प्रभागों की टीमों ने आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को अंजाम दिया।
प्रकरण में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए वाहन संख्या UP25GT8043 को सीज कर दिया गया है। पकड़े गए टैंकर को सुल्तानपुर स्थित लीसा डिपो पर लाकर खड़ा किया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रकरण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बरामद लीसे तथा वाहन से संबंधित आवश्यक अभिलेखीय कार्रवाई की जा रही है।प्रकरण में नैनीताल वन प्रभाग द्वारा जांच एवं नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग द्वारा वन संपदा की सुरक्षा, वन उपज के अवैध परिवहन की रोकथाम तथा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।




