उत्तर प्रदेश

बरेली: करोड़ों खर्च के बाद भी इज्जतनगर ओवरब्रिज के नीचे जानलेवा गड्ढे, क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?

रिपोर्टर नाजिम अली

बरेली। स्मार्ट सिटी और बेहतर सड़कों के दावों के बीच इज्जतनगर रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के नीचे की सड़क बदहाली के आंसू रो रही है। करोड़ों रुपये की लागत से मरम्मत के बावजूद यहां सड़क की गिट्टियां उखड़ चुकी हैं और जगह-जगह गहरे व जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। आलम यह है कि यहां से गुजरने वाले राहगीरों और स्कूली बच्चों पर हर वक्त हादसों का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।

जिम्मेदारों की लापरवाही, राहगीरों की जान आफत में

इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के पास स्थित इस व्यस्त मार्ग पर रोजाना हजारों वाहन और पैदल यात्री गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज के नीचे बने बड़े-बड़े गड्ढे किसी गंभीर दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक आए दिन इन गड्ढों के कारण फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे गंभीर स्थिति स्कूल जाने वाले बच्चों की है, जिनके वाहन इन गड्ढों में असंतुलित होकर पलटने का डर बना रहता है। ऐसा लगता है कि प्रशासन किसी मासूम या राहगीर की जान जाने के बाद ही नींद से जागेगा।

करोड़ों के बजट पर सवाल, आखिर जवाबदेह कौन?

सड़क निर्माण और समय-समय पर मरम्मत के नाम पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए गए, लेकिन जमीनी हकीकत जस की तस है। कुछ ही समय में सड़क का उखड़ जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और ठेकेदारों-अफसरों की सांठगांठ पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल संज्ञान लेकर इन गड्ढों को भरवाए और घटिया निर्माण कराने वाले जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई करे, ताकि किसी अनहोनी से पहले राहगीरों को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!