उत्तराखंड

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की नई पहल : ग्रामीण विकास और सामाजिक जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर के सोशल आउटरीच सेल द्वारा सामाजिक विकास, ग्रामीण आजीविका, शोध एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) संपन्न किया गया।

विश्वविद्यालय ने “मार्गशाला फाउंडेशन” तथा “आरोही सोसाइटी, सातोली नैनीताल” के साथ सहयोगात्मक पहल शुरू की है। इस समझौते के अंतर्गत विद्यार्थियों को ग्रामीण विकास, उद्यमिता, सामाजिक जागरूकता, शोध एवं फील्डवर्क से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मार्गशाला फाउंडेशन के साथ हुए एमओयू के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए स्थानीय आजीविका जागरूकता कार्यशालाएं, डिजाइन थिंकिंग, प्रोटोटाइपिंग हैकाथॉन तथा युवाओं में उद्यमिता विकास संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को उत्तराखंड की स्थानीय अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार एवं माइक्रो-एंटरप्राइज मॉडल्स की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त होगी।

वहीं, आरोही सोसाइटी के साथ हुए समझौते के तहत विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों में इंटर्नशिप, फील्ड रिसर्च, सामुदायिक विकास परियोजनाओं एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों में सहभागिता का अवसर मिलेगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा ग्रामीण आजीविका जैसे विषयों पर संयुक्त रूप से कार्यशालाएं, सेमिनार एवं शोध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की साझेदारियां विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी एवं व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेंगी। सोशल आउटरीच सेल द्वारा भविष्य में भी समाजहित एवं छात्र विकास से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

विश्वविद्यालय के हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. मनोज लोहानी के नेतृत्व में सोशल आउटरीच सेल के सदस्य डॉ. बीना नारायण त्रिपाठी, डॉ. राम सुंदर शर्मा, सुश्री माहेक गर्ग, योगेश भट्ट एवं सुश्री मेघा जोशी लगातार ग्रामीण विकास, सामाजिक जागरूकता एवं समाज कल्याण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं अभियानों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button