उत्तराखंड

तेल डिपो के बाहर संदिग्ध गतिविधियां, जांच के बाद होगी कार्रवाई

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

लालकुआँ नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बच्चीधर्मा स्थित इंडियन ऑयल डिपो के आसपास टैंकरों से तेल निकाले जाने की संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि डिपो से निकलने वाले कुछ टैंकर रास्ते में रुकते हैं, जहां जरीकैन के माध्यम से तेल निकाला जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह कार्य संगठित तरीके से किया जा रहा है, जिसमें कुछ लोगों द्वारा टैंकर चालकों के साथ समन्वय कर तेल निकालने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। हालांकि इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

डिपो के आसपास बने कुछ स्थानों, सूखी नहर और खड़ी गाड़ियों का उपयोग जरीकैन रखने और ले जाने के लिए किए जाने की बात भी सामने आई है। क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है।

इधर, कोतवाल ब्रजमोहन राणा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। यदि जांच में इस प्रकार की गतिविधियों की पुष्टि होती है तो डिपो प्रबंधन से समन्वय कर औचक चेकिंग और छापेमारी की जाएगी। साथ ही, इसमें संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी इस तरह के मामलों में पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है, जिसके बाद कुछ समय तक स्थिति नियंत्रित रही थी।

अब देखना होगा कि जांच के बाद इस मामले में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन किस तरह की कार्रवाई करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button